बलिया : पुलिस की कार्य प्रणाली समझने के लिए छात्राएं पहुंची कोतवाली - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : पुलिस की कार्य प्रणाली समझने के लिए छात्राएं पहुंची कोतवाली

     


    बांसडीह,बलिया। स्थानीय बांसडीह इंटर कॉलेज के कक्षा 9वी की छात्राओं ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली समझी। तमाम सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया। कोतवाल संजय सिंह ने पुलिस की कार्यशैली और सरकार द्वारा आम लोगों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देकर समस्त छात्राओं को आश्वस्त किया।

    महिला सशक्तिकरण के तहत शुक्रवार को बांसडीह इंटर कॉलेज के छात्राएं सुबह कोतवाली पहुंची। यहां कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने उनका स्वागत किया। बताया कि समय के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली में काफी बदलाव आया है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली और उनके सामने आने वाली चुनौतियां कालेज की छात्राओं के साथ साझा कीं।

    कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस दिन-रात जनता के लिए काम करती है। मोबाइल का चलन बढ़ने के बाद पुलिस के सामने नई चुनौतियां आईं हैं। बच्चों को मोबाइल का प्रयोग काफी सावधानी से करना चाहिए, ताकि साइबर ठगी का शिकार न हो जाएं। किसी भी समस्या के आने पर पुलिस का सहयोग अवश्य लें और जांच में पुलिस की मदद करें। कंप्यूटर रूम में महिला कांस्टेबल शीलू वर्मा और प्रीति सिंह ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। छात्राओं ने महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय व हवालात भी देखी।

    छात्राओं के लिए पुलिस अंकल के टिप्स

    • मोबाइल का इस्तेमाल सावधानी से करें, ठगी का शिकार न हों।
    • किसी प्रकार की दिक्कत होने पर पुलिस से मदद लें। आपकी सहायता की जाएगी।
    • अपने आसपास कुछ असामान्य घटित होने पर पुलिस को जानकारी दें। 
    • छात्राएं अपनी शिकायत 1090 या 112 में दर्ज करा सकती हैं।

    पुलिस को देंगे सही जानकारी

    पुलिस की कार्यप्रणाली के अलावा सरकार की सुविधाओं की जानकारी मिली। यह भी जरूरी है कि किसी समस्या के समाधान के लिए पुलिस को सही जानकारी दें। - प्रिया मिश्रा 

    पुलिस मदद के लिए है

    आम लोगों की मदद के लिए सरकार जो सुविधाएं दी रही है, उसका दुरुपयोग न करें। अपने अलावा किसी के भी साथ गलत हो रहा है तो इसकी जानकारी पुलिस को देनी चाहिए। - प्रीति यादव 

    करेंगे पुलिस का सहयोग

    पुलिस अधिकारियों से बात करके बहुत अच्छा लगा और काफी कुछ सीखने को मिला। पुलिस सभी की मददगार है। हमें भी पुलिस का सहयोग करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। - किरण कश्यप

    कई भ्रांतियां दूर हुईं

    पुलिस के बारे में कई तरह की भ्रांतियां मन में थीं। थाने आकर पुलिसकर्मियों से मिलने के बाद सुखद अनुभूति हो रही है। समस्या में फंसने पर बगैर हिचक पुलिस की मदद लेनी चाहिए। कुमारी इच्छा

    हेल्पडेस्क व्यवस्था सराहनीय

    हेल्पडेस्क पर महिला पुलिस अफसर के मौजूद रहने से पीड़िता उनके सामने खुलकर बात रख सकती है। यह व्यवस्था काफी सराहनीय है। इसकी जानकारी अन्य लोगों को दूंगी।-निधि राजभर