बलिया : मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत,चार महिलाओं समेत छह आरोपी गिरफ्तार
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के छोटकी सेरियां में तीन दिन पहले हुए एक विवाद में घायल की मौत के मामले में पुलिस ने छह नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक की हत्या के मामले में पकड़े गए आरोपितो में चार महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली है। सोमवार को पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के छोटकी सेरिया निवासी विनोद बसफोर का बीते 11 दिसंबर की शाम अपने पड़ोसी मोजरी देवी, राजेश बासफोर और मनोज बासफोर सहित छह लोगों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी डंडों से विनोद बासफोर पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर और सीने पर गंभीर चोट लगने से विनोद मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। घायल विनोद को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। इस घटना के संबंध में विनोद की पत्नी पिंकी की तहरीर पर 12 दिसंबर को केस दर्ज किया गया था। इस दौरान 14 दिसंबर को इलाज के दौरान विनोद की दुखद हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा में धारा सुसंगत धाराओं की बढ़ोत्तरी कर दी। पुलिस टीम ने मुखबिर से सूचना त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को को सभी छह नामजद आरोपितों मोजरी देवी, राजेश, मनोज, दुर्गा, सुरसती व रानी को छोटकी सेरिया मोड़ से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजेश बसफोर की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अदद बांस की लाठी को भी बरामद कर लिया है, जिसे आलाकत्ल बताया गया है।
