बलिया: ट्रक से भिड़ी कार, दो युवक घायल
बांसडीह।बांसडीह चौराहे से बेरूआरबारी जाने वाली मुख्य सड़क पर सोमवार की देर रात खड़ी ट्रक में कार की टक्कर से कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर पंहुचे आमलोग व पुलिस रात में ही घायलों को पीएचसी तथा फिर जिला अस्पताल में ईलाज के लिये भर्ती कराया हैं। घायलो की हालत पहले से बेहतर हैं।
बांसडीह नगर निवासी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के संयुक्त मंत्री सत्यम सिंह सन्नी आल्टो कार से किसी निमंतत्र से रात में बेरूआरबारी की ओर से बांसडीह लौट रहे थे। कोहरे के कारण सड़क पर खड़ी ट्रक से कार की टक्कर हो गयी। कार चला रहे 22 वर्षीय सन्नी व बांसडीह नगर के ही 19 वर्षीय छोटे पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गये। लोगों ने बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कार से दोनो घायलो को बाहर निकालकर पीएचसी ले गये जहां से रेफर होने के बाद परिजनो ने देर रात को घायलो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनो घायलो के सिर व चेहरे में चोट के कारण इमरजेन्सी के डाक्टर ने आन काल सर्जन को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाईल स्विच आफ होने से घायलो के परिजन परेशान हो गये। रात में ही परिजनो ने सीएमएस व सीएमओ को भी मोबाईल लगाया लेकिन दोनों अधिकारियो ने मोबाईल नहीं उठााया। परिजनो ने रात में एक बजे डीएम हरि प्रताप शाही के सरकारी नम्बर पर बात कर परेशानी बताया। रात में ही डीएम के निर्देश पर दस मिनट बाद ही आन काल सर्जन जिला अस्पताल पंहुच गये तथा घायलों का ईलाज किया।
मंगलवार को दोनों घायलो की स्थिति ठीक बतायी जा रही हैं। रात में ट्रक चालक ट्रक लेकर फ रार हो गया।

