बलिया :युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने रोकी रफ्तार
बांसडीह,बलिया। कोतवाली क्षेत्र के नारायनपुर चट्टी के पास शुक्रवार की सुबह मुख्य सड़क पर देशी शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं व ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। गुरूवार की देर शाम नारायणपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की शराब पीने के बाद दुकान के पास ही मौत हो गया था। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार व कोतवाल ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराकर सड़क जाम समाप्त कराया।
गांव निवासी 40 वर्षीय पन्नालाल चौहान देशी शराब दुकान के पास ही गुरूवार की देर शाम शराब पीने के बाद बेहोश हो गया था। सूचना पर पहुंचे परिजन पन्नालाल को निजी चिकित्सक के यहां ले गये ,जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने देर रात को ही गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। सुबह परिजनों के साथ सैकड़ों महिलाओं ने शराब दुकान पर जमकर हंगामा किया तथा सड़क पर चक्का जाम कर दिया। महिलाओं का आरोप था की देशी शराब की दुकान आबकारी व पुलिस विभाग की मिली भगत से तड़के सुबह से ही देर रात तक खुली रहती है। दुकान से अवैध व दो नम्बर की शराब बेची जाती है। दुकान स्कूल के पास ही खुली हैं। शराब की दुकान होने के कारण पढ़ने जाने वाली छात्राओं व महिलाओं को काफी परेशानी होती है। उन्होंने दुकान को अन्यत्र हटाने तथा नियमानुसार संचालित कराने की मांग किया। चक्का जाम के दौरान दोनों तरफ वाहनों का लंबा लाइन लग गया जिससे घंटो आवागमन बाधित रहा।
नायब तहसीलदार सुधांश व प्रभारी निरीक्षक रंजीत विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से बातचीत कर मांगों पर विचार कर कारवाई का आश्वासन दिया। लगभग दो घंटे के बाद चक्का जाम खुलने से आवागमन शुरू हुआ।

