बलिया: संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता ने लगाई फांसी,मौत
फ़ोटो - मौके पर जुटी भीड़
बांसडीह,बलिया। कोतवाली क्षेत्र के केवरा में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका- शोभा देवी (फाइल फोटो)
जानकारी के अनुसार शोभा देवी (24) पत्नी सतेंद्र गोंड़ बुधवार के दिन में अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर उसपर झूल गयी। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर कोई नही था। मृतका की सास गांव के एक बच्चे के मुंडन संस्कार में गयी हुई थी वही उसके ससुर सब्जी की दुकान पर थे। जबकि पति केवरा बाजार में सब्जी तौलने के काम में गया था।
घटना के बाबत मृतका के पति ने बताया कि करीब दस बजे के आसपास बाजार से ही अपनी पत्नी को फोन किया तो उसने फोन काट कर मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया । जिसके कुछ देर बाद वह घर पंहुचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नही खुला तो वह दीवाल फांदकर अंदर घुसा तो देखा कि शोभा फंदे से झूल रही है। शायद उसमें जान बची हो सोचकर उसने उसे फंदे से नीचे उतारा और स्थानीय चिकित्सक को बुलाया लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी । इसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने भी घटना को देखा और इसके बाद घरवालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मृतका के मायके वालों को घटना की देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतू जिलाचिकत्सालय भेज दिया।
घटना के बाबत जिसके बाद घटनास्थल पर पंहुचे मृतका के पिता तारकेश्वर शाह निवासी जमालपुर थाना बैरिया ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बीते वर्ष 15 मई को उनकी पुत्री का विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही उसके साथ ससुराल में दुर्व्यवहार किया जाता रहा। जिसकी उसने उनसे शिकायत भी की थी। उनके द्वारा इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई। अभी एक माह पूर्व ही मृतका के ससुराल व मायके वालों के बीच इसी विवाद को लेकर पंचायत हुई थी। जिसमें सुलह समझौता होने के बाद मृतका मायके से ससुराल वापस रहने आई थी। लेकिन अचानक घटी इस घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह ने बताया कि यदि मृतका के मायके वाले तहरीर देते हैं तो अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।


