बलिया : बेटी को जहर देकर ससुरालियों ने मार कर शव गायब किया, महिला ने लगाया संगीन आरोप
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह तहसील क्षेत्र के हड़िहा शिवपुर की महिला ने बुधवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसकी पुत्री को उसके ससुराल वालों ने जहर देकर मार दिया है और शव को भी गायब कर दिया है।
महिला की शिकायत सुनकर पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी। महिला छठिया देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री अंजू का विवाह चार वर्ष पूर्व बांसडीह क्षेत्र के जानकी छपरा निवासी कृष्णा साहनी से हुई थी। विवाह के बाद से ही उज़के ससुराल वालों द्वारा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई लेकिन उनका व्यवहार नही बदला।
इसी क्रम में बीते 4 तारीख को उनके द्वारा मेरी बेटी अंजू को मारपीट कर उसे जहर दे दिया गया है। जिससे उसकी मृत्यु हो गयी और जब इसकी सूचना पाकर हम उसके ससुराल पंहुचे तो वहां कोई नही मिला। मुझे संदेह है कि वे मेरी पुत्री के शव का गुपचुप तरीके से दाह संस्कार कर देंगे। मामले में महिला की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब कथित मृतका के घर जाकर देखा तो वहां ताला लगा मिला। आस पास पता करने पर भी कोई जानकारी नही मिली। इस संबंध में कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि महिला शिकायत की जांच की जा रही है। फिलहाल उसकी बेटी के ससुराल में कोई नही है। वहां ताला लगा हुआ है। पुलिस प्रकरण की जानकारी करने में जुटी है।