कोतवाली से 50 मीटर दूर अधिवक्ता की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कस्बे के वार्ड संख्या-15 निवासी अधिवक्ता गोपाल मिश्रा की बाइक शुक्रवार की रात उनके घर के दरवाजे के बगल से चोरी हो गई। हैरत की बात यह रही कि पूरी वारदात महज कुछ सेकेंड में अंजाम दे दी गई और चोरों की करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना बांसडीह कोतवाली से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे दो युवक एक बाइक से अधिवक्ता के घर के सामने पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक पहले बाइक के पास आया और कुछ देर बाद वापस लौट गया। फिर दोबारा पहुंचकर उसने किसी औजार या विशेष चाबी की मदद से महज दो सेकेंड में बाइक का लॉक खोल दिया। इसके बाद वह सीढ़ियों के नीचे खड़ी बाइक को किक मारकर स्टार्ट करने का प्रयास करने लगा। कई बार कोशिश के बावजूद बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो दोनों चोर उसे हाथों से धक्का देते हुए लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह जब परिजनों की नजर बाइक पर पड़ी तो वाहन गायब था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। पीड़ित अधिवक्ता ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
सुरक्षा उपायों को भी धता बता गए चोर
पीड़ित अधिवक्ता गोपाल मिश्रा ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपनी मोटरसाइकिल तहसील गेट के सामने स्थित भवन के दरवाजे पर खड़ी करते थे। सुरक्षा की दृष्टि से वह बाइक का प्लग भी निकाल देते थे ताकि कोई वाहन स्टार्ट कर न ले जा सके। इसके अलावा पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद चोरों ने सभी सुरक्षा उपायों को धता बताते हुए बाइक को घसीटकर ले जाने में सफलता हासिल कर ली।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं, लोगों में नाराजगी
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। कुछ दिन पूर्व ही कोतवाली से लगभग 300 मीटर दूरी पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से लाखों रुपये मूल्य के मिक्सी, पंखे और अन्य सामान चोरी हो गए थे। इसके बावजूद अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
