बलिया : भंडारे में युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर स्थित राजा गांव-खरौनी मार्ग पर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे के दौरान शनिवार देर रात एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार कें खिलाफ FIR दर्ज किया गया हैं।
जानकारी के अनुसार गोरधप्पा निवासी चंदन तिवारी पुत्र तारकेश्वर तिवारी अपने कुछ दोस्तों के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने चंदन तिवारी पर हमला कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने युवक के सिर और हाथ पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भंडारे में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ ही घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बलिया रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
