बांसडीह में बढ़ता साइबर फ्रॉड का जाल: एक लिंक पर क्लिक करते ही हैक हो रहा व्हाट्सएप, कई लोग बने शिकार - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बांसडीह में बढ़ता साइबर फ्रॉड का जाल: एक लिंक पर क्लिक करते ही हैक हो रहा व्हाट्सएप, कई लोग बने शिकार



    • शुभम सिंह के बाद मुकेश पटेल भी ठगी का शिकार, रिश्तेदारों को घायल होने की फोटो भेजकर ठगे गए हजारों रुपये


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कस्बे में साइबर ठग लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस द्वारा बार-बार अनजान लिंक पर क्लिक न करने की चेतावनी के बावजूद साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों के व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से रुपये ठग रहे हैं। बीते दो दिनों में कस्बे के दो लोगों के साथ ऐसी घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है।


    ताजा मामला वार्ड नंबर-8 निवासी शुभम सिंह का है। शुभम ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपना व्हाट्सएप देख रहे थे। इसी दौरान एक व्हाट्सएप ग्रुप में आए अज्ञात लिंक पर अनजाने में क्लिक हो गया। लिंक खुलते ही उनका व्हाट्सएप अकाउंट साइबर ठगों के कब्जे में चला गया। इसके बाद ठगों ने शुभम के व्हाट्सएप से उनके दोस्तों और रिश्तेदारों को आपात स्थिति का हवाला देते हुए ₹2,000 की मदद मांगने वाले संदेश भेज दिए। शुभम से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनके परिचितों ने भरोसा कर बताए गए बैंक खाते में रुपये भेज दिए। इस तरह छह लोगों से कुल ₹12 हजार की ठगी कर ली गई।



    करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शुभम ने अपना व्हाट्सएप अकाउंट वापस हासिल किया और सभी परिचितों को जानकारी दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था।

    इसी तरह कस्बे के वार्ड नंबर-2 निवासी मुकेश पटेल भी साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। मुकेश ने बताया कि व्हाट्सएप ग्रुप में आए एक एपीके (APK) लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके रिश्तेदारों और दोस्तों को उनके हाथ कटने और उसमें टांके लगे होने की फोटो भेजकर तत्काल ₹2,000 की आर्थिक मदद मांगी। कई लोगों ने इसे सच मानकर रुपये भेज दिए।

    मुकेश पटेल ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं शुभम सिंह भी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बांसडीह में साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें। यदि किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने का संदेश आए, तो पहले फोन या अन्य माध्यम से उसकी पुष्टि अवश्य करें। साथ ही अपने व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।