बलिया : बांसडीह में हुए खूनी संघर्ष में 14 नामजद सहित 5/6 अज्ञात पर FIR - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में हुए खूनी संघर्ष में 14 नामजद सहित 5/6 अज्ञात पर FIR

     


    बांसडीह (बलिया):  कस्बे के रजवारवीर में बीते शुक्रवार की रात एक निमंत्रण कार्यक्रम से शुरू हुए आपसी विवाद के खूनी संघर्ष में बदलने के बाद दोनों पक्षों के कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 14 नामजद समेत पांच छह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रामपुर गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम के दौरान शुरू हुई कहासुनी और पुरानी रंजिश में दोनों पक्षों ने रजवारवीर महाविद्यालय के समीप एक दूसरे पर लाठी डंडों, राड और धारदार हथियारों से एक दूसरे पर हमला किया। प्रकरण में एक पक्ष के हरेकृष्ण वर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते धर्मेंद्र तुरहा , जितेंद्र तुरहा,  अमरनाथ, छोटे, महेश ,दिनेश, गणेश सुनील और दीपू ने उनके बेटों कुश , लव और पंकज पर जानलेवा हमला किया। हमले में पंकज के सिर पर गंभीर चोट आई और लव का हाथ कट गया। साथ ही आरोपितों पर घर में तोड़फोड़, गाली गलौज और अपनी पुत्री से छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष के अमरनाथ तुरहा के अनुसार जब उनके भाई धर्मेंद्र तुरहा, महेश तुरहा, जितेंद्र तुरहा और गणेश तुरहा भोजन कर लौट रहे थे। तभी विपक्षीगण पंकज , कुश, लव,  हरेकृष्ण , मुन्ना वर्मा व पांच छह अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और राड और धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में जितेंद्र तुरहा के सिर में गंभीर चोट लगी और महेश तुरहा का बायां हाथ टूट गया। साथ ही उनका मोबाइल भी पटक कर तोड़ दिया।इस पक्ष ने मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया गया। जहां  से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

    इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।