बलिया : बांसडीह विधायक के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक राष्ट्रीय एकता यात्रा, सरदार पटेल के नाम पर सड़क का हुआ नामकरण - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह विधायक के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक राष्ट्रीय एकता यात्रा, सरदार पटेल के नाम पर सड़क का हुआ नामकरण

     


    बांसडीह (बलिया): लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में रविवार को बांसडीह क्षेत्र में एक राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन किया गया। बांसडीह विधायक केतकी सिंह के नेतृत्व में यह यात्रा जयनगर पर्वतपुर से स्थानीय विकास खण्ड तक लगभग सात किलोमीटर की दूरी तक निकाली गई। जिसमें क्षेत्र के हजारों महिला पुरुषों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। 


    यात्रा के दौरान, बांसडीह से पर्वतपुर तक नवनिर्मित सड़क का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर किया गया। विधायक केतकी सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने संयुक्त रूप से इस सड़क का उद्घाटन किया। सात किलोमीटर की इस यात्रा का जगह-जगह फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। बांसडीह चौराहे पर यात्रा का विशेष स्वागत बुलडोजर से किया गया। जिस पर सवार लोगों ने विधायक केतकी सिंह सहित सभी सहभागियों पर पुष्पवर्षा की।


    यात्रा का समापन स्थानीय विकास खण्ड में एक विशाल सभा के रूप में हुआ।सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी ने इस यात्रा को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सरदार पटेल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों के भारत को बनाने की तरफ अग्रसर है। किसानों को खुशी, छात्र-छात्राओं को सर्वांगीण शिक्षा, नौजवानों को रोजगार, और दलित समाज का उत्थान ही इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य रहा। जिसे इसने पूर्ण किया है।भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि देश को एकता के सूत्र में बांधने का श्रेय सरदार पटेल को ही जाता है। 


    उन्होंने बताया कि यह यात्रा सामाजिक सांस्कृतिक और आर्थिक असमानताओं को कम करने तथा आपसी एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली गई है।ताकि विविधता के भीतर राष्ट्रीय पहचान सर्वोच्च हो। उन्होंने उल्लेख किया कि देश सरदार पटेल की 150वीं जयंती के साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की भी 150वीं जयंती मना रहा है। 



    मुख्य आयोजक विधायक केतकी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की डबल इंजन सरकार में सबका विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य अखंड भारत की कामना के साथ सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा भारत की एकता को तोड़ने की जो साजिश विपक्ष कर रहा है। उसे बागी बलिया से संदेश देना चाहते हैं कि भारत देश एक था, एक रहेगा। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजित एकता यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बांसडीह, मनियर, सहतवार, बांसडीहरोड, रेवती सहित आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। इस दौरान पूर्व विधायक शिव शंकर चौहान, पूर्व अध्यक्ष संजय सिंह मुन्ना, कुंवर पप्पू सिंह, अजय सिंह, अभिषेक आनंद सिन्हा, प्रतुल ओझा, प्रेम सिंह, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, श्वेतांशु गुप्ता, पूनम गुप्ता, सिंपी सिंह, रंजना सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।