बलिया : SP के निर्देश पर एक माह बाद पांच नामजद सहित 15 अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा,ये है पूरा मामला
बांसडीह(बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के रुकनपुरा गांव में पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर एक दर्जन से अधिक हमलावरों द्वारा दुकानदार के घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने से क्षुब्ध पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। जिसके बाद एसपी के निर्देश पर प्रकरण में 5 नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ लूट , बलवा व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
READ ALSO - बलिया : सड़क दुर्घटना में दंपति घायल,पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली क्षेत्र के रुकनपुरा निवासी मुरली गोंड गांव में ही छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। आरोप है कि बीते 9 जनवरी की रात करीब 7 बजे गांव के ही पांच नामजद आरोपितों ने करीब 15 अज्ञात साथियों के साथ मुरली के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर गाली गलौज की और जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। पीड़ित ने बताया कि किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और दुकान के गल्ले से 1500 रुपये नकद व मोबाइल फोन लूट लिया। हैरानी की बात यह है कि घटना की सूचना तत्काल चौकी और थाने पर दी गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर पीड़ित को ही करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया। आरोप है कि पुलिस ने प्रार्थना पत्र पर कोई संज्ञान नहीं लिया, जिससे हौसला पाकर आरोपितों ने अगले ही दिन 10 जनवरी को पीड़ित के घर पहुंचकर दोबारा जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने साफ कहा कि यदि तहरीर वापस नहीं ली तो अंजाम बुरा होगा। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़ित मुरली गोंड ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ ओमवीर सिंह ने प्रभारी निरीक्षक बांसडीह को स्वयं प्रकरण की जांच करने और सत्यता के आधार पर तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही करने का आदेश दिया । जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
