बलिया :चूल्हे की चिंगारी से पांच झोपड़ियां राख, परिवारों का सब कुछ जलकर खाक, अनाज, कपड़े, बर्तन व गृहस्थी का सामान नष्ट
बांसडीह (बलिया): नगर पंचायत बांसडीह के वार्ड नंबर-2 में शुक्रवार देर शाम भीषण अग्निकांड में पांच झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
बताया जाता है कि सुमेर पुत्र नारायण राम की तीन रिहायशी और दो करकट की झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोगों को घर का सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और अन्य उपलब्ध संसाधनों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में परिवार का अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन समेत पूरी गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।
आग लगने की प्रारंभिक वजह चूल्हे से निकली चिंगारी बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने की अपील की है।
