बलिया: उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने कांग्रेसी पहुंचे कोतवाली - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया: उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने कांग्रेसी पहुंचे कोतवाली

     


    बांसडीह,बलिया। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री डॉ संजय निषाद द्वारा क्षेत्र के पिण्डहरा गांव में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते समय दिया गया विवादित बयान "बलिया के लोग अग्रेजों के दलालों बहुत थे,आज भी दलाली का सिस्टम चल रहा है, इसी कारण बलिया बर्बाद है।" अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जिले कई राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ताओं सहित आम जनता में भी डॉ संजय निषाद के प्रति आक्रोश जताया है। मामले में करणी सेना के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह ने मंत्री के जीभ काटकर लाने वाले को  पांच लाख इकवान हजार रुपए का इनाम घोषित किया है कई दलों ने नेताओं ने जनपद के विभिन्न थानों में अभियोग पंजीकृत कराने के लिए तहरीर भी दे दिया है हालांकि अभी तक किसी भी मामले में प्रशासनिक अमला की तरफ से कोई कार्यवाही की ख़बर नहीं आ रही है।


    मंगलवार की सुबह कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बांसडीह कोतवाल को तहरीर देकर मंत्री पर मुकदमा पंजीकृत कराने के लिए पहुंच गए।

    उमाशंकर पाठक ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के पद पर कार्यरत डॉक्टर संजय निषाद द्वारा जनपद के गौरव हमारे स्वतंत्रता सेनानियों तथा जनपदवासियों के बारे में "दलाल" शब्द का प्रयोग कर जनपद के साथ ही सभी स्वतंत्रता सेनानियों तथा जिला वासियों को आत्म सम्मान को काफी ठेस पहुंची है।आम जनमानस के अंदर काफी आक्रोश चल रहा है। जनपद के गौरव मंगल पांडे,चित्तू पांडे, हजारी प्रसाद द्विवेदी,आचार्य परशुराम चतुर्वेदी जैसे महान विभूतियों ने जन्म लिया।यहां तक कि हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व चंद्रशेखर ने ही बलिया में ही जन्म लिया है। मंत्री द्वारा पूरे जनपद का नाम बदनाम किया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशाशन से मांग किया कि उपरोक्त मामले को संज्ञान लेते हुए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही करें।