बांसडीह में श्रीराम कथा के प्रथम दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, राजन जी महाराज के प्रवचन सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बांसडीह में श्रीराम कथा के प्रथम दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, राजन जी महाराज के प्रवचन सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

     


    • विधायक केतकी सिंह ने सपरिवार किया शुभारंभ, रामचरित के आदर्शों पर दिया विशेष संदेश


    बांसडीह,बलिया। बेरूआरबारी ब्लॉक के समीप स्थित भगवान दास मंदिर, करीहरा परिसर में सोमवार से शुरू हुई सुप्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज की श्रीराम कथा के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कथा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। कथा का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह ने सपरिवार वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन और आरती के साथ किया। इस दौरान उन्होंने कथा आयोजन की सफलता एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।


    प्रथम दिवस की कथा में राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीराम का चरित्र मानवता के लिए एक आदर्श मार्गदर्शक है। उनके जीवन से त्याग, सेवा, प्रेम और सदाचार की शिक्षा मिलती है। यदि समाज श्रीराम के आदर्शों को अपनाए तो सुख, शांति और सद्भावना का वातावरण स्वतः स्थापित हो सकता है।

    कथावाचक श्री राजन जी महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने और आत्मिक उत्थान का सशक्त माध्यम है। कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों और संगीतमय झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। "जय श्रीराम" के गगनभेदी जयघोष से पूरा कथा पंडाल गुंजायमान रहा। श्रद्धालु कथा श्रवण कर भाव-विभोर होते रहे और देर शाम तक भक्ति रस की अविरल धारा बहती रही।

    इस अवसर पर अमर नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, निशा सिंह, गुड्डू सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

    राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश

    राजन जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में श्रीराम के आदर्शों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सत्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

    पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

    श्रीराम कथा के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कथा स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष नजर रखी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने समय-समय पर व्यवस्था का जायजा लेकर आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।