जनविश्वास के तीन साल: व्यापार मंडल ने चेयरमैन का किया भव्य सम्मान - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    जनविश्वास के तीन साल: व्यापार मंडल ने चेयरमैन का किया भव्य सम्मान


    • केक काटकर मनाया कार्यकाल पूर्ण होने का उत्सव, विकास कार्यों की जमकर हुई सराहना


    बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत बांसडीह के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’ के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को कस्बे के बड़ी बाजार स्थित व्यापार मंडल द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में व्यापारियों और नगरवासियों ने चेयरमैन के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की शुरुआत व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर और चेयरमैन सुनील कुमार सिंह द्वारा केक काटकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच तीन वर्ष के सफल कार्यकाल की खुशी साझा की।

    व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर ने कहा कि चेयरमैन बब्लू सिंह ने अपने कार्यकाल में नगर के विकास, स्वच्छता, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े अनेक कार्यों को प्राथमिकता देकर नगरवासियों का विश्वास जीता है। उन्होंने तीन वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’ ने कहा कि यह सम्मान और उपलब्धि नगर की जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। नगर के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के लिए आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए चेयरमैन के कार्यों की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मनोज साहू, श्रीप्रकाश, वरिष्ठ समाजसेवी जय कुमार सिंह "पंकज" सुमन प्रसाद, विशेश्वर पटवा, शुभम, धनजी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

    तीन साल पूरे होने पर दिखा उत्साह नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’ के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर व्यापारियों ने केक काटकर खुशी जताई और उनके नेतृत्व में नगर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए आगे भी जनहित में कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।