बलिया : सीता-राम विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा कथा पंडाल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सीता-राम विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा कथा पंडाल

     


    • करीहरा में श्रीराम कथा के पांचवें दिन राजन जी महाराज ने सुनाया सीता स्वयंवर का दिव्य प्रसंग, फूलों की वर्षा व मंगल गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण

    बांसडीह (बलिया):बेरूआरबारी क्षेत्र के भगवान दास मंदिर, करीहरा में बाबा अमरनाथ सेवा समिति एवं विधायक केतकी सिंह के संयोजन में आयोजित श्रीराम कथा के पांचवें दिन प्रसिद्ध कथा वाचक राजन जी महाराज ने सीता स्वयंवर एवं श्रीराम-विवाह का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा के दौरान पूरा पंडाल "जय श्रीराम" के जयघोष से गूंज उठा।

    राजन जी महाराज ने कहा कि मिथिला की पावन भूमि उस दिव्य क्षण की साक्षी बनी, जिसका इंतजार स्वयं देवता भी कर रहे थे। स्वयंवर सभा में देश-विदेश के अनेक पराक्रमी राजा उपस्थित थे, लेकिन भगवान शिव के दिव्य धनुष को कोई भी हिला नहीं सका। महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा पर जब अयोध्या के राजकुमार श्रीराम ने सहज भाव से धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया तो प्रचंड ध्वनि के साथ धनुष भंग हो गया। इसके बाद संपूर्ण मिथिला "जय श्रीराम" के उद्घोष से गूंज उठी।


    उन्होंने बताया कि माता सीता ने प्रसन्नता और संकोच के साथ भगवान श्रीराम के गले में जयमाला पहनाकर उन्हें पति रूप में स्वीकार किया। यह केवल एक विवाह नहीं, बल्कि प्रेम, मर्यादा, धर्म, त्याग और आदर्श जीवन मूल्यों का दिव्य संगम था। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल गीतों के बीच संपन्न हुए श्रीराम-सीता विवाह का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

    कथा के दौरान क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए आरती उतारी। पूरा कथा पंडाल फूलों की वर्षा से भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। इस अवसर पर विधायक सभाकुंवर कुशवाहा (भाटपाररानी), विधायक सैयदराजा, सुशील सिंह, राकेश सिंह, बेद प्रकाश, डॉ. सुबेलाल चौहान, राणा कुणाल सिंह, रजनीश सिंह, प्रशांत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।