बलिया : सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 10 दिन बाद आगजनी का मुकदमा दर्ज, दो नामजद
- साइकिल स्टोर में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
- लाखों का सामान जलकर राख
- कस्बे के दो लोगों पर नामजद FIR
बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के सहतवार बांसडीह मुख्य मार्ग पर स्थित हरदासपुर में 15 जून की रात एक साइकिल स्टोर में आग लगाने के मामले में पुलिस ने घटना के 10 दिन बाद पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सारंगपुर निवासी मनोज कुमार यादव हरदासपुर रोड पर साइकिल स्टोर संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी तहरीर के अनुसार, दुकान के सामने स्थित न्यू भारत साइकिल स्टोर के संचालक जाकिर हुसैन व मनु हुसैन उनसे व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते रंजिश रखते थे। आरोप है कि 15 जून की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद बदमाशों ने खिड़की के रास्ते पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगा दी। अगले दिन सुबह उनके भाई अशोक यादव जब दुकान पहुंचे तो पूरी दुकान जल चुकी थी। आग में बिक्री के लिए रखी प्लास्टिक फाइबर की मिनी कारें, स्कूटर, छोटे बुलेट, झूले, वॉकर, टीवी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपितों ने उन्हें दुकान बंद कर गाय-भैंस पालने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दिए। फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर 25 जून को कोतवाली में तहरीर दी गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जाकिर हुसैन और मनु हुसैन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
