बलिया : सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
बांसडीह (बलिया)। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही सुहावने मौसम के बीच शिवभक्त भक्ति और आस्था में सराबोर नजर आए। मंदिरों में हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
प्रातःकाल से ही श्रद्धालु गंगाजल, दूध, भांग, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर शिवालयों में पहुंचने लगे। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं की लंबी कतारें बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में कचहरी स्थित बाबा गरीबा नाथ महादेव मंदिर, बड़ी बाजार स्थित बाबा भूटेश्वर नाथ महादेव मंदिर, नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर, पश्चिम टोला शिवरात्रि पोखरा स्थित बाबा रघुबेश्वर नाथ महादेव मंदिर, घोघा स्थित बाबा सैदनाथ महादेव मंदिर, असेगा का शोकहरण नाथ मंदिर, बड़सरी स्थित बाबा अवनिनाथ महादेव मंदिर तथा बांसडीह रोड स्थित बाबा बालखण्डी नाथ महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
श्रद्धालु सुबह भोर से ही पैदल एवं निजी वाहनों से मंदिरों की ओर रवाना होने लगे थे। वहीं व्रती महिलाओं ने एक दिन पूर्व ही मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान शिव की आराधना शुरू कर दी थी। सैदपुरा स्थित बाबा सैदनाथ महादेव मंदिर परिसर में लगे मेले में लोगों ने खरीदारी का आनंद भी लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बांसडीह प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल विभिन्न मंदिरों पर तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेता रहा। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से पूजा-अर्चना की।
सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ी श्रद्धा और भक्ति की इस अनुपम छटा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ के प्रति लोगों की श्रद्धा अटूट है।
बाबा भूटेश्वर नाथ मंदिर में अलसुबह हुआ भव्य श्रृंगार, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बांसडीह की बड़ी बाजार स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन बाबा भूटेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सावन के प्रथम सोमवार पर अलसुबह से ही भक्तिमय माहौल रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष छोटक मिस्त्री के सानिध्य में अजय कुमार व अन्य सदस्यों ने ब्रह्ममुहूर्त में बाबा भोलेनाथ का विधि-विधान से दिव्य श्रृंगार, पूजन और भोग-आरती संपन्न कराई। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए खोल दिए गए। सुबह होते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" तथा "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। मंदिर समिति के सदस्यों ने दर्शन-पूजन की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।

