बलिया : अवैध शराब बनाने के मामले में महिला समेत दो गिरफ्तार,बड़ी मात्रा में कच्ची शराब, लहन और उपकरण बरामद
- क्षेत्र में काफी दिनों से बंद था अवैध शराब बनाने कार्य
- विगत ग्यारह नवंबर को क्षेत्र की महिला और पुरुषों ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने और इसे पूरी तरह से बंद करवाने के लिए उपनिरीक्षक को किया था सम्मानित
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र में राजपुर स्थित सुरहा ताल क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब, लहन , उपकरणों व महिला समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।मामले में पुलिस ने पकड़े गये अभियुक्तों की निशानदेही पर 15 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगु, उपनिरीक्षक सोनम राव के साथ क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे,इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सुरहाताल के किनारे कच्ची शराब बनने की जानकारी मिली। जिसके बाद उनके द्वारा एसआई रंजीत विश्वकर्मा को रास्ते मे साथ लेकर उक्त स्थान पर दबिश दी गयी। जहां पुलिस के पंहुचने से भगदड़ मच गयी। इस दौरान 10 - 15 की संख्या में वहां मौजूद लोग नाव से भाग निकले। जबकि पुलिस ने मौके से शराब बनाने में लिप्त एक महिला लक्ष्मीना देवी व सुग्रीव बिंद निवासी राजपुर को पकड़ लिया। मौके से पुलिस ने 40 लीटर कच्ची शराब के साथ 5000 लीटर लहन व काफी मात्रा में ड्रम पीपा व दो गैस सिलेंडर व चूल्हे बरामद किये।
मामले में पुलिस ने पकड़े गये अभियुक्तों की निशानदेही पर शराब बनाने में लिप्त शिवम, अजय बिंद, अंधिया देवी, जसवंत , लालटून, विजय, सरिता, भरत, कृष्णा, छाया देवी, रमाकांत , लालबाबू , जयप्रकाश के खिलाफ अपमिश्रित शराब बनाने व आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एसआई सागर कुमार रंगु ने बताया कि कच्ची शराब के खिलाफ लगातार कारवाई की जा रही है। बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहें हैं।
