बलिया : बांसडीह पशु चिकित्सालय अखाड़े में तब्दील,दो चिकित्सकों के ड्राइवर आपस में भिड़े, मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय पशु चिकित्सालय में महीनों से चल रही वर्चस्व व दबदबे की लड़ाई में शुक्रवार को दो पशु चिकित्सा अधिकारियों के वाहन चालकों ने एक दूसरे के पक्ष पर आपस मे कहासुनी करते हुए मारपीट शुरू की तो पशु चिकित्सालय अखाड़े में तब्दील हो गया। मारपीट में पशु चिकित्सक मनोज राव के ड्राइवर भृगुनाथ तिवारी ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ प्रेमनारायण पांडे के ड्राइवर सतीश सिंह को सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद देर तक बवाल की स्थिति बनी रही। घायल सतीश सिंह निवासी सुलतानपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके सहकर्मी भृगुनाथ तिवारी ने उससे बहसबाजी के बाद मारपीट की और सिर पर किसी चीज से वार कर दिया। जिससे काफी खून बहने लगा। उसने शोर मचाना शुरू किया तो आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को आता देख हमलावर भृगुनाथ तिवारी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। इस हमले में सतीश सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है। प्रकरण में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़े -बलिया : बारिश के मौसम में रहे सतर्क,संक्रामक रोगों से ऐसे करे बचाव
यह है पूरा मामला------
पशु चिकित्सालय बांसडीह में विगत एक वर्ष पूर्व उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ प्रेम नारायन पांडे की तैनाती के बाद यहां बीते 13 वर्षों से बांसडीह व आस पास के पशु अस्पतालों में सेवा दे रहे डॉ मनोज कुमार राव से कुछ वैचारिक मतभेद के बाद स्थिति खराब होने लगी। वर्षो से यहां काकस बनाकर बैठे मनोज राव के जब निजी हित प्रभावित होने लगे तो इन सब को लेकर द्वंद्व बढ़ने लगा और यह मामला विभागीय खींचतान के साथ अपने अपने शक्ति प्रदर्शन से भी जुड़ गया। इसमें समय व परिस्थितियों के अनुसार दोनों चिकित्सकों के अधीनस्थ कर्मचारियों में भी गुटबाजी शुरू हुई और बढ़ते बवाल के साथ प्रकरण में बीते दिनों आउटसोर्सिंग पर तैनात ड्राइवरों को हटवाने व अन्य विभागीय कार्यो ओपीडी रजिस्टर की प्रविष्टि आदि को लेकर बवाल की रूपरेखा बनती रही। इसी क्रम में शुक्रवार को अस्पताल परिसर में दोनों चिकित्सकों के ड्राइवरों ने अपने अपने साहब का पक्ष लेकर कहासुनी के बाद मारपीट कर ली। जिसके बाद यह बवाल काफी बढ़ गया।
