मिशन शक्ति 5.0 : बांसडीह में मिशन शक्ति 5 का भव्य शुभारम्भ,नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के लिए निकाली गई बाइक रैली - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    मिशन शक्ति 5.0 : बांसडीह में मिशन शक्ति 5 का भव्य शुभारम्भ,नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के लिए निकाली गई बाइक रैली

     


    बांसडीह,बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रविवार को पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति 5 का शुभारम्भ किया गया। महिला जागरूकता हेतु बांसडीह में भी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

    एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी और क्षेत्राधिकारी जय शंकर मिश्र के नेतृत्व में कस्बे की सड़कों पर एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। हाथों में नारी सुरक्षा व सम्मान से जुड़े स्लोगन लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने लोगों को जागरूक किया। रैली की शुरुआत बांसडीह कोतवाली से हुई, जो आंबेडकर तिराहा, बड़ी बाजार होते हुए कस्बे के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करती रही। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार उपाध्याय ने पुलिस बल का नेतृत्व करते हुए बताया कि यह शासन का प्रमुख अभियान है जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान और स्वालंबन को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम में उपनिरीक्षक कमलेश पाठक, सौरभ श्रीवास्तव, अनूप कुमार, आदित्य कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। महिला पुलिस कर्मियों में सोनम राव की सक्रिय भागीदारी ने समाज में नारी शक्ति के महत्व को और अधिक प्रबलता से प्रस्तुत किया।

    मिशन शक्ति के प्रमुख लक्ष्य

    फोटो - अभिषेक प्रियदर्शी,उपजिलाधिकारी बांसडीह

    उपजिलाधिकारी बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि मिशन शक्ति के फेज 5.0 के प्रचलित इस फेज में विगत संचालित फेज-4.0 में किये गये कार्यों के साथ महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वावलम्बन, विकास, कल्याण इत्यादि से सम्बन्धित कई अन्य कार्यक्रमों का समावेश किया गया है। जिसके अन्तर्गत मुख्य रूप से महिलाओं में स्वउद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वूमेन फेस्ट (Women’s fest) का आयोजन, महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता हेतु चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के समन्वय से वीमेन हेल्थ लाइन की शुरूआत कर महिलाओं की सुरक्षा एवं अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही हेतु प्रदेश भर के 90 दिवस में 09 विशिष्ट अभियानों का संचालन, औपचारिक शिक्षा से वंचित अथवा ड्राप आउट किशोरी बालिकाओं को चिन्हित करते हुए शिक्षा की मुख्य धारा में लाकर व्यापक स्तर पर उन्हे आत्मनिर्भर बनाना सम्मिलित है। 



    फोटो - जयशंकर मिश्र, क्षेत्राधिकारी बांसडीह

    क्षेत्राधिकारी बांसडीह के जयशंकर मिश्र ने बताया कि मिशन शक्ति के पाॅचवे चरण में पुलिस हमेशा महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर होने के साथ विभिन्न सरकारी विभागों के समेकित प्रयासों से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण तैयार कर उन्हे आत्मनिर्भर बनाना का प्रमुख लक्ष्य है।