बलिया : बांसडीह में चोरों का आतंक,बंद मकानों को निशाना बना रहे है चोर,क्षेत्र में दहशत
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के छितरौली में चोरों ने एक बार फिर एक बंद मकान को अपना निशाना बनाकर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। गांव के पूरब टोला में जयराम पांडे का पूरा परिवार कोलकाता में रहता है। चार दिन पहले उनका पुत्र अभिषेक गांव के मकान में ताला बंद कर अपने परिवार के पास कोलकाता गये थे। इसी दौरान गुरुवार की रात चोरों ने उक्त मकान पर धावा बोला और बड़े दुस्साहसिक ढंग से आस पास के सैदनाथ पांडे, जयप्रकाश पांडे आदि लोगों के मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर जयराम पांडे के घर का ताला तोड़कर पूरे घर को खंगालते हुए चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। सुबह जब आस पास के लोग सोकर उठे तो अपने अपने घरों का दरवाजा बाहर से बंद पाकर उनका माथा ठनका की आखिरकार ये क्या हुआ है। इसके बाद किसी तरह दरवाजों को खोलकर बाहर निकले लोगों ने आपस मे बातचीत शुरू की तो कुछ देर बाद ही किसी ने बताया कि जयराम पांडे के घर के दरवाजे का ताला टुटा हुआ है। उसके बाद पड़ोसियों ने वहां जाकर देखा तो पता चला कि उस घर में चोरी हुई है। घटना के बाद पड़ोसियों ने ही गृहस्वामी व पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आस पास के लोगो से घटना के संबंध में पूछताछ की। जबकि पड़ोसियों से घटना की सूचना पाकर गृहस्वामी भी गांव के लिए निकल पड़े हैं। जो शनिवार को बलिया पंहुच जाएंगे। बीते कुछ दिनों में क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं काफी तेजी से हुईं हैं। जिनमें चोरों ने बंद मकान को ही अपना निशाना बनाया है। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी आक्रोश है। जबकि पुलिस सिर्फ जांच और कार्रवाई की दुहाई दे रही है।
