बलिया : "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान" एवं 8वां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ
बांसडीह,बलिया। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अगउर बांसडीह में ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान’ तथा आठवां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह ने फीता काटकर किया।
विधायक ने कहा कि"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। इस अभियान का उद्देश्य है कि माताओं, बहनों और बेटियों को जांच व इलाज के लिए कहीं दूर न जाना पड़े। अब प्रत्येक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार चाहती है कि ‘स्वस्थ नारी’ बने तो परिवार और समाज दोनों ‘सशक्त’ होंगे।"विधायक ने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे इन स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ लें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रणव कुणाल ने जानकारी दी कि इस निःशुल्क जांच शिविर में ईएनटी, नेत्र परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह, दंत जांच, कैंसर जांच (विशेषकर ग्रीवा कैंसर), गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण सेवाएं, एनीमिया की जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, टीबी जांच जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, सिकल सेल स्क्रीनिंग, आभा आईडी कार्ड पंजीकरण, शिशु सुरक्षा एसपी कार्ड, रक्तदान शिविर, अंगदान पंजीकरण जैसी सुविधाएं भी शिविर में संचालित की जा रही हैं।डा. कुणाल ने बताया कि अब तक अस्पताल में लगभग साढ़े 500 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जिनकी जांच के साथ-साथ निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं और शिविर का लाभ उठाया।


