बलिया : केंद्रीय परिवहन मंत्री की बलिया के सपा के वरिष्ठ नेता ने की प्रशंसा,जाने पूरी ख़बर - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : केंद्रीय परिवहन मंत्री की बलिया के सपा के वरिष्ठ नेता ने की प्रशंसा,जाने पूरी ख़बर



    बलिया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को  केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार में नितिन गडकरी ने “सबसे अच्छा काम किया है” और वह सबसे अच्छा वक्ता भी हैं।

    रोजगार और विकास केवल अखबारों, चैनल और होर्डिंग में

    उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके रामगोविन्द चौधरी ने सोमवार को अपने आवास पर मीडिया बातचीत करते हुए एक प्रश्न के जवाब में कहा ”गडकरी के विभाग को छोड़कर जनता के विकास के लिए कोई काम कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। रोजगार और विकास केवल अखबारों, चैनल और होर्डिंग में ही दिखाए जा रहे हैं। मोदी सरकार में नितिन गडकरी ने सबसे अच्छा काम किया है। वह सबसे अच्छा बोलते भी हैं। वह किसी के प्रति द्वेषपूर्ण बातें नहीं करते हैं, इसीलिए उन्हें दरकिनार किया गया है।”

    भाजपा में जो सही लोग हैं, वे हाशिये पर हैं

    राम गोविंद चौधरी ने कहा, “गडकरी को मंत्री बनाना मजबूरी है, वरना मंत्रिमंडल काम नहीं करेगा। जादू का असर होता है। अगर गडकरी नहीं होंगे तो सरकार गिर जाएगी। वह इतना साफ बोलते हैं, उन्हें अब तक क्यों नहीं हटाया गया।”

    देश में अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी 

    सपा के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश में अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी है लेकिन देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं।