बलिया : सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मौत, मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया) । कोतवाली क्षेत्र के आदर गांव में बीते 31अगस्त तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल व्यक्ति की मौत होने पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।। मृतक अशोक कुमार सिंह 31 अगस्त,की शाम लगभग आदर से दादर की ओर जा रहे थे। वे अपनी मोटरसाइकिल से नहर के रास्ते जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गए और बेहोश हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उनके घर सूचना दी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बांसडीह के एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए, डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बलिया के सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान 2 सितंबर, को रात करीब 11 बजे उनका निधन हो गया। मृतक के पुत्र आदित्य कुमार सिंह ने इस संबंध में पुलिस से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आदित्य ने बताया कि वाराणसी में उनकी मृत्यु के बाद पंचायतनामा की प्रक्रिया पूरी की गई है। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी वाहन चालक और वाहन का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है ताकि उन्हें न्याय मिल सके।