बलिया : बांसडीह के आदर में फायरिंग की घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह के आदर में फायरिंग की घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

     


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के आदर गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश में गोली चलाने की घटना से हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है।घटना का आरोपी फरार बताया जा रहा है।

    READ ALSO -बलिया : गोंड जाति के जाति प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर भाजपाइयों ने SDM को सौंपा पत्रक

    बताया जा रहा है कि आरोपी गांव के ही घनश्याम सिंह ने पुरानी रंजिश एवं जमीनी विवाद को लेकर घर के बाहर बैठे एक रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी पर वाद विवाद के बाद हमला कर दिया। पीड़ित दंपत्ति ने आरोप लगाया है कि गाली गलौज और मारपीट के दौरान आरोपी ने असलहे से फायरिंग कर दी।जिससे प्रार्थी और उसकी पत्नी बाल बाल बचे। 


    पीड़ित राधेश्याम प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आज सुबह लगभग 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी बीच गांव का ही निवासी घनश्याम सिंह वहां पहुंचे और अकारण ही गालियां देने लगे। जब राधेश्याम ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने हाथापाई शुरू कर दी और देखते ही देखते असलहे से फायरिंग कर दी।अचानक हुई इस फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा। वह दंपत्ति को जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। पीड़ित ने भागकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी  पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए थाने में नामजद तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है और भविष्य में किसी भी बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

    मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में वाद विवाद हुआ है फायरिंग की कोई सूचना नहीं है।