बलिया: अंतिम संस्कार से लौटते समय बांसडीह चेयरमैन पर गाजीपुर में जानलेवा हमला
बांसडीह,बलिया। स्थानीय नगर पंचायत के सभासद के दादी के अंतिम संस्कार से वाराणसी से लौट रहे चेयरमैन के वाहन पर सफारी सवार दबंगों ने टक्कर मार दिया।रात करीब 10 बजे, जब उनका वाहन गाजीपुर के महाराजगंज पेट्रोलपंप तिराहे पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही UP43 AH-9200 सफारी स्ट्रीम (जिसमें दो लोग सवार थे) ने उनकी UP53 ER-0362 सफेद स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो असंतुलित होकर सड़क पर डगमगा गई। कुछ पल के लिए कार में बैठे सभी लोगों की सांसें थम गईं।इस दौरान वाहन में बांसडीह व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय कुमार गुल्लर भी मौजूद रहे।
घटना के बाद चेयरमैन सुनील कुमार सिंह के अनुसार, उन्होंने हालात को संभालते हुए गाड़ी आगे बढ़ाकर रोक ली, लेकिन खतरा अभी टला नहीं था। सफारी सवार हमलावर कुछ ही देर में फिर लौटे। इस बार उनके इरादे और ज़्यादा खतरनाक थे। आरोप है कि हमलावरों ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर चेयरमैन के ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी और लगातार जान से मारने की धमकी देने लगे।
इस दौरान दबंगों द्वारा गोली मारने की धमकी और बार-बार शीशा नीचे करने को कह रहे थे, मानो किसी बड़ी अनहोनी की तैयारी हो।स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चेयरमैन और उनके साथियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। बिना देर किए गाड़ी को पीछे मोड़ा और सीधे गाजीपुर कोतवाली पहुंच गए। वहां पूरी घटना विस्तार से बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
रात भर भय और तनाव में गुजारने के बाद जब सोमवार की सुबह चेयरमैन सकुशल अपने घर पहुंचे, चेयरमेन के साथ व्यापारमंडल बांसडीह के अध्यक्ष विजय गुल्लर भी थे। उनके आवास पर समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का तांता लग गया। हर कोई उनका कुशल-क्षेम पूछता रहा और इस घटना पर आक्रोश जताता रहा। कई लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल बताया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। यह घटना न सिर्फ बांसडीह बल्कि पूरे क्षेत्र में चिंता और भय का विषय बन गई है।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा,संदीप गुप्ता, अरुण सिंह,सोनू गुप्ता,गुड्डू तिवारी,दिनेश गुप्ता अशोक कुमार गुप्ता आदि लोग कुशलक्षेम जानने पहुंचे।

