बलिया :जमीन विवाद में दीवार गिराई, महिला से मारपीट; तीन पर मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा दीवार गिराने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल महिला की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शिवकुमारी देवी के अनुसार, विपक्षी हरेशराम शर्मा, हरिंदर और हरिओम शर्मा ने एकजुट होकर उनके घर की दीवार और फाटक को जबरन ढहा दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों और फावड़े से उन पर और उनके पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया।
महिला ने बताया कि घटना के समय उनके पति खेत पर गए थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना का वीडियो भी उनके मोबाइल में कैद है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपित अब उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।घटना से भयभीत परिवार ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
