बलिया : रसोइया चाकूबाजी का खुलासा: रास्ते के विवाद से भड़की रंजिश, प्रेमी को बताया तो रची गई हमले की साजिश; मीना गिरफ्तार
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के सेरिया बघाव मोड़ पर रविवार दोपहर मिठाई बनाने का आर्डर और अग्रिम राशि देने के बहाने बुलाकर रसोइया मुन्ना प्रसाद माली (सैनी) को चाकू से गोदकर मरणासन्न करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।शुरुआत में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस और एसओजी ने परिजनों के बयान, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ते हुए कथित प्रेमी-प्रेमिका की साजिश का पर्दाफाश किया।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुन्ना सैनी का उनकी सगी भतीजी के साथ कुछ दिन पहले रस्ते को लेकर विवाद हुआ था।मुन्ना के बड़े भाई की बेटी मीना ने विवाद की जानकारी अपने प्रेमी प्रदीप सैनी को दी, जिसके बाद मुन्ना को रास्ते से हटाने के लिए हमला कराने की योजना बनाई गई। मामले में पुलिस ने आरोपिता मीना को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, मुन्ना सैनी के बड़े भाई दशरथ माली की बेटी पुष्पा की शादी गड़वार थाना क्षेत्र के सरया निवासी दिलीप सैनी पुत्र गोपाल से हुई है। दिलीप का छोटा भाई प्रदीप सैनी और पुष्पा की छोटी बहन मीना एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस के जांच में समाने आया कि मीना से विवाद की बात सुनने के बाद प्रदीप ने अपने पड़ोसी एवं दोस्त मन्नू सैनी पुत्र विनोद निवासी सरया, थाना गड़वार से मुन्ना सैनी को मारने के लिए कहा। इसके बाद मन्नू ने अपने साथियों को इस काम में शामिल किया। जांच में आरोप है कि मन्नू सैनी ने कृष्ण कुमार चौहान उर्फ शेरू, सचिन चौहान और रितेश चौहान के साथ मिलकर मुन्ना सैनी पर हमला कराया।मामले में पुलिस ने आरोपिता मीना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। साथ ही हमले की पूरी कड़ी, आरोपितों की भूमिका और घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चार युवकों की भूमिका भी सामने आई
पुलिस जांच में जिन आरोपितों की भूमिका सामने आई है, उनमे मन्नू सैनी पुत्र विनोद निवासी सरया, थाना गड़वार,कृष्ण कुमार चौहान उर्फ शेरू पुत्र धरमचंद निवासी पिंडारी, थाना मनियर, वर्तमान पता नगरी, थाना सुखपुरा,सचिन चौहान पुत्र जयप्रकाश निवासी नगरी, थाना सुखपुरा,रितेश चौहान पुत्र हरेराम निवासी सरया, थाना गड़वार शामिल हैं।
CCTV फुटेज ने खोली हमलावरों की राह, एक गिरफ्तार
घटना के बाद मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावर सेरिया से छोटे रास्ते से बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छाता होते हुए भागे थे। इसी दौरान एक मठ पर लगे CCTV कैमरे में तीनों कैद हो गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और घायल मुन्ना सैनी से तीनों युवकों की पहचान कराई। इसके बाद गड़वार पुलिस ने देर रात घटना में शामिल कृष्ण कुमार चौहान उर्फ शेरू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, हमले की साजिश रचने के आरोप में मुन्ना की सगी भतीजी मीना को बांसडीह कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

