बलिया:बाँसडीह अगऊर अस्पताल की खराब एक्स-रे मशीन को लेकर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
बलिया। बाँसडीह स्थित अगऊर अस्पताल में पिछले कई महीनों से खराब पड़ी एक्स-रे मशीन को लेकर युवा कांग्रेस ने नाराज़गी जताई है। इसी क्रम में आज युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अभिजीत तिवारी सत्यम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) बलिया आनंद सिंह को ज्ञापन सौंपकर मशीन को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए अभिजीत तिवारी सत्यम ने कहा कि एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण क्षेत्र के मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी अस्पताल में सुविधा न मिलने के चलते लोगों को मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जहां महंगे दामों पर जांच करानी पड़ रही है। इससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही एक्स-रे मशीन को ठीक नहीं कराया गया, तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।इस मौके पर छात्रनेता अमन सिंह, हिमांशु सिंह, दिग्विजय पासवान, मन्नू कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
