बलिया : बलिया में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी, सास की हत्या, ससुर गंभीर घायल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बलिया में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी, सास की हत्या, ससुर गंभीर घायल


    बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव के छोटका पूरा में शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पत्नी की विदाई न होने से नाराज एक युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी, जबकि ससुर पर भी जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल ससुर का इलाज वाराणसी में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।


    जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड़ की शादी करीब चार वर्ष पहले नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव निवासी प्रीति गोंड़ (22) पुत्री अंतु गोंड़ से हुई थी। दोनों का ढाई वर्ष का एक पुत्र भी है। बताया जा रहा है कि पति द्वारा प्रताड़ना किए जाने से परेशान प्रीति पिछले कुछ महीनों से मायके में रह रही थी।

    परिजनों के अनुसार, नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज अमित शनिवार देर रात ससुराल पहुंचा और विवाद करने लगा। देखते ही देखते उसने ससुर अंतु गोंड़ (50), सास सुशीला देवी (45) और पत्नी प्रीति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

    हमले में पत्नी प्रीति और सास सुशीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंतु गोंड़ को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल और बाद में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

    घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।