बलिया : छाता क्रासिंग पर काल बना गड्ढा, सिपाही पारितोष की गई जान - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : छाता क्रासिंग पर काल बना गड्ढा, सिपाही पारितोष की गई जान

    फ़ाइल फोटो - मृतक आरक्षी परितोष मिश्रा
    •  गड्ढे में बाइक समेत डूबा सिपाही, सुबह मिला शव
    • बैच के सिपाहियों के साथ पार्टी के बाद निकला था पारितोष, छाता क्रासिंग के पास हुआ हादसा

    बांसडीह (बलिया)। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता क्रासिंग के समीप सोमवार सुबह सड़क किनारे गहरे गड्ढे में बाइक समेत सिपाही का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांसडीह कोतवाली में तैनात वर्ष 2020 बैच के सिपाही पारितोष मिश्र के रूप में हुई। वह प्रयागराज (पूर्व इलाहाबाद) जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।


    बताया जा रहा है कि पारितोष रविवार देर शाम बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता गांव में अपने बैच के साथी सिपाहियों के साथ पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। पार्टी के बाद वह बाइक से वहां से निकले। इसी दौरान छाता क्रासिंग के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण सिपाही बाइक समेत पानी में डूब गया।


    कुछ देर बाद जब साथी पुलिसकर्मियों ने पारितोष की तलाश शुरू की तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद रातभर पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने आसपास के इलाके में खोजबीन की। सोमवार सुबह छाता क्रासिंग के पास पानी भरे गड्ढे में सिपाही का शव बरामद हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।



    सूचना पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना कर मातहत अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथी सिपाही की मौत से पुलिसकर्मी काफी आहत नजर आए। वर्ष 2020 बैच के साथी सिपाही की अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल बना रहा।

    साथी को बलिया छोड़कर लौटते समय हादसा

    बांसडीह कोतवाली में तैनात आरक्षी पारितोष मिश्रा अपने साथी कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को बेल कमेंट दाखिल करने के लिए उच्च न्यायालय इलाहाबाद जाने हेतु बलिया छोड़ने अपनी निजी बाइक से गए थे। साथी को बलिया छोड़कर लौटने के दौरान बांसडीहरोड थाने पर तैनात दो-तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कहीं भोजन किया।

    भोजन के बाद पारितोष ने साथियों को बताया कि उन्हें रात में बांसडीह कोतवाली में ड्यूटी के लिए जाना है। इसके बाद वह बाइक से बांसडीह के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान छाता क्रासिंग के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पानी भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी और पारितोष रातभर गड्ढे में पड़े रहे। सुबह तलाश के दौरान उनका शव बरामद हुआ।

    मृदुल स्वभाव के थे पारितोष, सभी को साथ लेकर चलते थे

    बांसडीह कोतवाली में तैनात साथी सिपाहियों के अनुसार आरक्षी पारितोष मिश्र बेहद मृदुल और मिलनसार स्वभाव के थे। अपने व्यवहार और सभी को साथ लेकर चलने की प्रवृत्ति के कारण ही उन्हें कोतवाली की मेस का मैनेजर बनाया गया था। साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि पारितोष हर किसी से सहजता से मिलते थे और पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका रहती थी। उनके अचानक निधन से साथी सिपाही भावुक नजर आए और कोतवाली में शोक का माहौल रहा।

    एसपी बोले, प्रथम दृष्टया बाइक असंतुलित होने से हादसा

    पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक के असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पार्टी के दौरान मौजूद साथी पुलिसकर्मियों से अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी द्वारा पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना आरक्षी के परिजनों को दे दी गई है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।