बलिया : दो महीने में दो बार टावर पर चढ़कर बना था सुर्खियों में, अब मां ने ही दर्ज कराया मुकदमा - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : दो महीने में दो बार टावर पर चढ़कर बना था सुर्खियों में, अब मां ने ही दर्ज कराया मुकदमा

     



    • बांसडीह में युवक धनजी वर्मा पर मां का गंभीर आरोप, मारपीट, प्रताड़ना और 35 लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप


    बांसडीह, बलिया। दो महीने के भीतर दो बार टावर पर चढ़कर पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बन चुके बांसडीह कस्बे के युवक धनजी वर्मा के खिलाफ अब उसकी मां ने ही गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मां ने बेटे पर मारपीट करने, प्रताड़ित करने, रुपये मांगने, खेत बेचने के लिए दबाव बनाने और वर्षों से फसल नष्ट करने का आरोप लगाया है।

    धनजी वर्मा इससे पहले भी टावर पर चढ़ने की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। बताया जाता है कि 24 जून को वह पहली बार बांसडीह कस्बे के आंबेडकर तिराहे के पास स्थित टावर पर चढ़ गया था। उस दौरान उसने पुलिस पर दबाव बनाने और अपने परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। परिवार पर मुकदमा दर्ज होने के बाद वह टावर से नीचे उतरा था।

    इसके बाद 24 अगस्त को धनजी वर्मा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया, जब वह बांसडीह कस्बे के पूर्व चेयरमैन संजय सिंह के मकान के पीछे स्थित एक टावर पर चढ़ गया। इस बार उसकी मांग अपने परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर थी। युवक के टावर पर चढ़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। करीब नौ घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने पर युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ था। लेकिन अब घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। युवक की मां कुलवंती देवी ने अपने ही बेटे धनजी वर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कुलवंती देवी का आरोप है कि धनजी वर्मा उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है तथा मारपीट और जान-माल को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है।

    मां ने आरोप लगाया कि परिवार के पास करीब 18 कट्ठा कृषि भूमि है, जो उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। धनजी वर्मा पिछले लगभग चार वर्षों से उनके द्वारा बोई गई फसलों को उखाड़कर और नष्ट कर नुकसान पहुंचा रहा है। आरोप है कि वह खेत बेचने के लिए भी लगातार दबाव बना रहा है और खेत बेचने के बाद 35 लाख रुपये की मांग कर रहा है।

    कुलवंती देवी के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं है। उनके पति बाजार में सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि प्रार्थिनी खेती-किसानी के जरिए घर की आजीविका चलाने में सहयोग करती हैं। उनके छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। मां ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि बेटे की लगातार धमकियों और कथित प्रताड़ना से वह काफी परेशान और भयभीत हैं तथा पूरे परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर धनजी वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

    दो महीने के भीतर दो बार टावर पर चढ़कर चर्चाओं में आए धनजी वर्मा के खिलाफ अब उसकी अपनी मां द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।