बलिया : इस क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस के मद्देनज़र साढ़े आठ घंटे बिजली रहेगी बंद
- 3 बजे से 11:30 बजे तक नहीं रहेगी बिजली
- मुहर्रम जुलूस के मद्देनज़र लिया गया निर्णय
- सुरक्षा के लिए बंद रहेगी विद्युत आपूर्ति
- जुलूस समाप्त होते ही बहाल होगी बिजली
बांसडीह (बलिया): मुहर्रम के पारंपरिक ताजिया एवं तकिया जुलूस को सकुशल और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को बांसडीह नगर की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। सुरक्षा कारणों से विद्युत विभाग ने यह निर्णय लिया है।
विद्युत विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, शुक्रवार शाम 3:00 बजे से रात 11:30 बजे तक पूरे बांसडीह नगर की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने नगरवासियों से अपील की है कि निर्धारित समय से पहले अपने आवश्यक कार्य पूरे कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विद्युत विभाग का कहना है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान ऊंचे ताजियों और बिजली के तारों के संपर्क से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
विद्युत जेई सूर्य प्रकाश ने बताया कि जनसुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते ही विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी।
इधर, मुहर्रम को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। ताजिया और तकिया जुलूस के निर्धारित मार्गों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि पर्व आपसी सौहार्द, शांति और सुरक्षा के बीच संपन्न हो सके।
