बलिया : बेटी के असमय निधन से टूटा परिवार, बांसडीह में शोक की लहर
फोटो - शिक्षिका जूली सिंह (फाइल फोटो)
बांसडीह (बलिया): कस्बे के वार्ड नंबर 13 निवासी शिक्षक अजीत सिंह की 28 वर्षीय पुत्री एवं बिहार सरकार के जूनियर हाई स्कूल में कार्यरत शिक्षिका जूली सिंह के आकस्मिक निधन से पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को गंभीर बीमारी के चलते उनका निधन हो गया।
जूली सिंह पढ़ाई में अत्यंत मेधावी और स्वभाव से बेहद मिलनसार थीं। लगभग एक वर्ष पूर्व उनका चयन बिहार सरकार के जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका के पद पर हुआ था। बीते 27 जनवरी को उनकी सगाई हुई थी और आगामी नवंबर में उनका विवाह होना तय था। परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य और विवाह को लेकर अनेक सपने संजोए थे, लेकिन असमय निधन से वे सभी सपने अधूरे रह गए। अजीत सिंह की दो संतानों में जूली सिंह सबसे बड़ी थीं। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गहरे सदमे में हैं।
जूली सिंह के निधन पर पवन कुमार तिवारी, डॉ. कुमार विनोद, अनिल कुमार गुप्ता, रोहित सिंह, विनोद तिवारी, सुजीत सिंह परिहार, पंडित सुरेंद्र तिवारी, अभिषेक आनंद सिन्हा, मनोज साहू, विजय कुमार गुल्लर, अनिल कुमार सोनी, संजय कुमार गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोगों एवं क्षेत्रवासियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
