बलिया : सरयू के बढ़ते कहर पर फूटा जनाक्रोश, हजारों कटान पीड़ितों ने तहसील का किया घेराव - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सरयू के बढ़ते कहर पर फूटा जनाक्रोश, हजारों कटान पीड़ितों ने तहसील का किया घेराव

     


    • चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा, बाढ़ विभाग के अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

    बांसडीह,बलिया । सरयू नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज होती कटान से प्रभावित ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को बांसडीह तहसील पर फूट पड़ा।

    ग्रामीणों ने  बाढ़ विभाग और जिला प्रशाशन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। महराजपुर, चांदपुर, भोजपुरवा, सुल्तानपुर, सुल्तानपुर पोखरा समेत बाढ़ प्रभावित गांवों से पहुंचे हजारों ग्रामीणों ने पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य नागेंद्र बहादुर सिंह 'झुन्नू' के नेतृत्व में तहसील का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।

    ज्ञापन में कहा गया कि 20 जुलाई को दिए गए ज्ञापन पर तत्कालीन प्रभारी अधिकारी ने तीन दिन में प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके विपरीत कटान रोकने के कार्यों की गति और धीमी हो गई। दूसरी ओर सरयू का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में अपने आशियाने और खेती की जमीन खोने का डर गहराता जा रहा है।

    ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद महराजपुर गांव को बचाने के लिए जियोट्यूब लगाने का कार्य शुरू नहीं कराया गया। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा पर लापरवाही और सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता विकास कुमार सिंह पर ग्रामीणों के प्रति असंवेदनशील व्यवहार का आरोप लगाते हुए दोनों अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

    ज्ञापन में महराजपुर और चांदपुर को बचाने के लिए तत्काल जियोट्यूब लगाने, भोजपुरवा में अस्थायी ठोकर निर्माण कराने तथा सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में सोलर लाइट, राहत शिविर, भोजन, पशुओं के चारे, डॉक्टरों की टीम, दवाइयों एवं पशु चिकित्सकों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

    प्रदर्शन में पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह 'झुन्नू', तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रभात तिवारी, लेखपाल संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह, प्रभात कुमार मौर्य, वीरेंद्र यादव, ग्राम प्रधान मुनीब यादव, आदित्य प्रताप सिंह 'योगी', अशोक सिंह, परमात्मा वर्मा, विजय सिंह, आदित्य सिंह, कन्हैया शर्मा, वीरेंद्र पाल, मिथिलेश यादव, विहारी यादव, उपेंद्र यादव, छात्र नेता दीपक यादव, प्रमोद पाल, भृगुनाथ यादव, लालबहादुर यादव, शिवजनम यादव, भीम यादव, रामलाल पाल, रामलाल यादव, छितेश्वर यादव सहित हजारों की संख्या में कटान पीड़ित ग्रामीण मौजूद रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव राहत एवं आपदा विभाग तथा जिलाधिकारी बलिया को भी भेजी गई।