बलिया : चौकी से 50 मीटर दूर बंद मकान में लाखों की चोरी, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
ऐतिहासिक चांदी के सिक्के, कीमती बर्तन और महंगे कपड़े समेट ले गए चोर, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक बंद मकान में चोरी की वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भुटेश्वर नाथ मंदिर के सामने रहने वाले दिनेश सिंह 18 जुलाई को अपने घर में ताला बंद कर किसी कार्य से बलिया चले गए थे। इसी दौरान 19 जुलाई की रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाश मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में घुस गए और दो अलमारियों के लॉक तोड़कर उसमें रखे ऐतिहासिक चांदी के सिक्के, कीमती धातु के बर्तन तथा महंगे कपड़े चोरी कर फरार हो गए।
20 जुलाई की सुबह किरायेदारों की नजर टूटे ताले पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने गृहस्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर दिनेश सिंह ने सामान बिखरा देखा और थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खाकी की नाक के नीचे वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना स्थल बांसडीह पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में बेखौफ चोरों द्वारा घंटों तक घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब चौकी के इतने करीब मकान सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें। अब लोगों की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि वह इस चोरी का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करती है या मामला अन्य घटनाओं की तरह लंबित रह जाता है।
