बलिया : दूध के कनस्तरों से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने ली व्यवसाई की जान - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : दूध के कनस्तरों से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने ली व्यवसाई की जान



    •  दूध के कनस्तरों से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने ली व्यवसाई की जान
    •  दुकान बंद कर घर लौट रहे थे संतोष चौरसिया



    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह-मनियर मार्ग पर बुधवार की देर रात दूध के कनस्तरों से लदी एक तेज रफ्तार बोलोरो पिकअप की टक्कर से एक व्यवसाई की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पाण्डेय के पोखरा के समीप हुआ, जहां दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसाई को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

    जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड संख्या-11, पाण्डेय के पोखरा निवासी संतोष चौरसिया बांसडीह कचहरी स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान बंद कर बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनियर की ओर से आ रही दूध के कनस्तरों से लदी बोलोरो पिकअप (यूपी 60 सीटी 3472) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि संतोष चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई और उसमें लदे दूध के कनस्तर सड़क पर बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भी मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया।मृतक के पुत्र विनोद चौरसिया की तहरीर पर पुलिस ने फरार पिकअप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


     अनियंत्रित रफ़्तार बना मौत का कारण

    हादसे के बाद पिकअप में लदे दूध के कनस्तर सड़क और गड्ढे में बिखर गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन की रफ्तार नियंत्रित होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ओवरस्पीडिंग की घटनाओं को लेकर लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की है।