बलिया : चलती बाइक पर महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम बेखौफ बाइक सवार उचक्कों ने चलती बाइक पर सवार महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई, जबकि पीड़ित दंपति स्तब्ध रह गए।
जानकारी के अनुसार, मनियर कस्बा के वार्ड संख्या-7 निवासी धनंजय कुमार सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से बांसडीह से मनियर जा रहे थे। तभी आदर पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी आगे पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया और मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए। अचानक हुई घटना से दंपति कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
पीड़ित धनंजय कुमार सिंह ने कोतवाली पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रही छिनैती और लूट की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
