बलिया : बाढ़ कटान पीड़ितों के मुआवजे को लेकर अनशन समाप्त, जांच समिति गठित - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बाढ़ कटान पीड़ितों के मुआवजे को लेकर अनशन समाप्त, जांच समिति गठित

     



    बांसडीह,बलिया। तहसील परिसर में महाराजपुर, चांदपुर, कमालपुर, सुल्तानपुर पोखरा और भोजपुरवा सहित घाघरा नदी के बाढ़-कटान पीड़ित किसानों को भूमि एवं आवास का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ द्वारा शुरू किया गया आमरण अनशन दूसरे दिन ही समाप्त हो गया। आंदोलन को किसानों के साथ छात्र-नौजवानों और क्षेत्रीय आमजन का व्यापक समर्थन मिलने लगा था।


    नेताओं द्वारा मंगलवार को अनशन के समर्थन में तहसील प्रशासन का पुतला दहन किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। बढ़ते जनसमर्थन और प्रशासनिक सक्रियता के बीच एसडीएम, तहसीलदार, सीओ और बांसडीह कोतवाल अनशन स्थल पर पहुंचे। इस दौरान झुन्नू सिंह ने बाढ़-कटान पीड़ित किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि लंबे समय बाद भी किसानों को मुआवजा नहीं मिल सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा की स्थिति का फायदा उठाकर कुछ कर्मचारियों द्वारा किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। 



    उन्होंने तत्काल मुआवजा दिलाने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। तहसील प्रशासन के साथ दो चरणों में हुई लंबी वार्ता के बाद एसडीएम बांसडीह ने लिखित आश्वासन दिया कि नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है। समिति में एक कानूनगो और पांच लेखपाल शामिल किए गए हैं। समिति सभी संबंधित गांवों के बाढ़-कटान पीड़ित किसानों के अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजे की राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।एसडीएम ने यह भी आश्वासन दिया कि जांच के दौरान यदि किसी हल्का लेखपाल की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।लिखित आश्वासन के बाद एसडीएम ने झुन्नू सिंह को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।



    छात्र नेता आदित्य योगी ने कहा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समय में किसानों की मांगें पूरी नहीं होती हैं तो एक सप्ताह बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।महराजपुर के ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जांच समिति निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार कर किसानों को उनका हक दिलाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो उन्हें झुन्नू सिंह के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और वे किसानों के अधिकार की लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे।इस दौरान आदित्य योगी, प्रभात मौर्य, अमित यादव ‘गोलू’, बिहारी यादव, वीरेंद्र यादव, सुरेश शाह, अशोक सिंह, संजीव सिंह एडवोकेट, संजय सिंह, आदित्य, शशिकांत मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान, छात्र-नौजवान और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।