बलिया : अपनी मांगों को लेकर दूसरी बार टावर पर चढ़ा युवक, नौ घंटे बाद चेयरमैन के आश्वासन पर उतरा
बांसडीह, बलिया। कस्बे के वार्ड नंबर 14 निवासी धनजी वर्मा रविवार की सुबह करीब तीन बजे पुलिस की कथित लापरवाही के खिलाफ अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित टावर पर चढ़ गया। दूसरी बार टावर पर चढ़े युवक के चलते पूरे दिन प्रशासनिक अमले में हलचल मची रही। करीब नौ घंटे तक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया। धनजी वर्मा ने टावर से ही स्थानीय प्रशासन के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखीं। इनमें रोजमर्रा के भोजन-पानी की व्यवस्था, जिस युवती से उसका विवाह हुआ था उससे कानूनी रूप से संबंध विच्छेद, बीते दिनों उसके साथ हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई, उसकी गैरमौजूदगी में निवास स्थान से हुई चोरी के मामले में दर्ज मुकदमे में प्रभावी कार्रवाई तथा पुलिस द्वारा उच्चाधिकारियों को दी गई कथित गलत रिपोर्ट की दोबारा जांच कर सही रिपोर्ट प्रेषित करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा धनजी ने अपनी अंतिम मांग के रूप में परिजनों से व्यापार आदि करने के लिए 10 लाख रुपये दिलाए जाने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का जमावड़ा लग गया। पूरे दिन अधिकारी उसे नीचे उतारने के लिए मान-मनौव्वल करते रहे। करीब नौ घंटे तक चले घटनाक्रम के कारण टावर के आसपास लोगों की भीड़ भी जुटी रही।
चेयरमैन के आश्वासन पर नीचे उतरा युवक
दोपहर बाद बांसडीह नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। चेयरमैन ने युवक को अपने खर्चे से भोजन-पानी की व्यवस्था कराने तथा उसके परिजनों से वार्ता कर संबंधित मामलों का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
चेयरमैन के आश्वासन के बाद धनजी अपनी मांगों पर सहमत हुआ और करीब नौ घंटे बाद टावर से नीचे उतरने को राजी हो गया। धनजी के सुरक्षित नीचे उतरते ही प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली। हालांकि, अपनी मांगों को मनवाने के लिए बार-बार टावर पर चढ़ने की घटना अब गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे मामलों में प्रशासन के सामने एक ओर संबंधित व्यक्ति की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है, वहीं दूसरी ओर भविष्य में इस तरह के कदमों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और उचित कार्रवाई की जरूरत है।



