बलिया : सैदनाथ बाबा मंदिर में मंगलसूत्र चोरी का खुलासा, बिहार की महिला गिरफ्तार; दो मंगलसूत्र और नकदी बरामद
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कोतवाली पुलिस ने सैदनाथ बाबा मंदिर में महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बिहार की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो मंगलसूत्र और 650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 4 अगस्त 2026 को एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि सैदनाथ बाबा मंदिर और दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया। इस सूचना पर कोतवाली बांसडीह में मु0अ0सं0 243/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घोघा चट्टी के पास से मुन्नी देवी (42 वर्ष), पत्नी पिंटू चौधरी, निवासी चौसा, जिला बक्सर (बिहार) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से चोरी के दो मंगलसूत्र और 650 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि उसने 3 अगस्त को सैदनाथ बाबा मंदिर में तीन महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी किए थे। इनमें से एक मंगलसूत्र उसने मेले में ही एक अज्ञात महिला को 2,000 रुपये में बेच दिया था, जबकि शेष दो मंगलसूत्र बेचने के लिए बलिया जा रही थी। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्ता को न्यायालय भेज दिया है।
