पॉक्सो एक्ट: बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि, POCSO एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर ADG ने आयोजित की कार्यशाला
वाराणसी। बच्चों के खिलाफ होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा की अध्यक्षता में शुक्रवार को POCSO एक्ट-2012 पर कानूनी साक्षरता कार्यशाला आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यशाला में दून विश्वविद्यालय, देहरादून की फैकल्टी सदस्य डॉ. सौम्यता पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं।
कार्यशाला में बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, पहचान की गोपनीयता और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञ ने बताया कि यौन अपराध से पीड़ित बच्चा जीवन के बेहद कठिन दौर से गुजरता है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई संवेदनशील होनी चाहिए, जिससे पीड़ित बच्चे को किसी तरह का मानसिक तनाव या परेशानी न हो।
इस दौरान बाल कल्याण समिति और बाल कल्याण अधिकारी के दायित्वों, डिजिटल एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अनिवार्य रिपोर्टिंग और विवेचना के कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
ADG ने बच्चों के हित और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए POCSO एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यशाला में वाराणसी जोन के सभी जनपदों के राजपत्रित एवं अराजपत्रित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यशाला में 'Child First, Process Secondary' यानी प्रक्रिया से पहले बच्चे के हित को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
