बलिया : सीएचसी अधीक्षक को अल्ट्रासाउंड संचालिका को अस्पताल में मौजूदगी का कारण पूछना पड़ा महंगा,संचालिका ने किया हंगामा,वीडियो वायरल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सीएचसी अधीक्षक को अल्ट्रासाउंड संचालिका को अस्पताल में मौजूदगी का कारण पूछना पड़ा महंगा,संचालिका ने किया हंगामा,वीडियो वायरल

     

    फोटो - महिला से पूछताछ करती स्थानीय पुलिस

    बांसडीह (बलिया) । स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में शुक्रवार की दोपहर महिला ओपीडी में बैठी एक स्थानीय अल्ट्रासाउंड केंद्र की संचालिका को उसकी वहां मौजूदगी का कारण पूछना चिकित्सा अधीक्षक को भारी पड़ गया। 

    महिला ने इसपर कड़ा एतराज जताते हुए हंगामा खड़ा कर अधीक्षक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दलाल तक कह डाला। मामले को बढ़ता देख चिकित्सा अधीक्षक को पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद भी वह महिला देर तक पुलिसकर्मियों से भी बहसबाजी करती रही। प्रकरण के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहें हैं। 

    शुक्रवार की दोपहर को अस्पताल में महिला ओपीडी में डॉ यशस्वी सिंह महिलाओं की जांच कर दवा इत्यादि दे रही थी तभी स्थानीय एक अल्ट्रासाउंड केंद्र की संचालिका पहुंची थी। उसके वहां होने पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ विंकटेश मौआर ने वहां जाकर महिला से पूछा कि यहां क्यों बैठी हो,क्या काम है,कुछ काम नहीं है तो आप यहां से जाइए,(वीडियो ऊपर)

    अधीक्षक का यह पूछना महिला को काफी नागवार गुजरा और उसने तेज लहजे में विरोध करते हुए अभद्रता करनी शुरू कर दी। जिसके बाद अधीक्षक द्वारा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना पाकर महिला एसआई सोनम राव अस्पताल पहुचीं लेकिन उक्त महिला को समझाने में विफल रहीं।पुलिस द्वारा महिला को कोतवाली लाने का काफी प्रयास किया गया लेकिन महिला नहीं गई। इसके बाद महिला एसआई की सूचना पर बांसडीह चौकी प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा व एक अन्य एसआई कृष्ण प्रजापति मौके पर पंहुचे लेकिन महिला के तेवर के आगे उनकी भी कुछ नही चली। इस दौरान देर तक अस्पताल के प्रांगण में कहासुनी होती रही। मौके पर लोगों काफी भीड़ लग गई।

     इसके बाद पुलिस महिला को लिए बिना ही वापस चली गयी। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ विंकटेश मौआर ने बताया कि उक्त अल्ट्रासाउंड संचालिका रीमा यादव द्वारा अस्पताल के अंदर ओपीडी में आकर मरीजों को अपने यहां जांच के लिए ले जाने का प्रयास किया जाता है। मेरे द्वारा इसका विरोध करने पर उसने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में मेरे द्वारा कोतवाली में तहरीर दी गयी है। मामले में चौकी प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि डाक्टर द्वारा तहरीर दी गयी है। जांच कर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।