बलिया : बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी सीबीसी मशीन,मरीजों को मिली राहत ,खून के विभिन्न जांचों के लिए अब कही अन्यत्र नहीं होगा जाना
बांसडीह,बलिया। स्वास्थ्य विभाग बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार स्वास्थ सेवाओं का विस्तार कर रहा है। विगत दिनों कई माह से बंद पड़े एक्स रे मशीन को स्टार्ट किया गया तो वही अब खून के विभिन्न जांचों के लिए सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट ) मशीन लगाकर क्षेत्रीय मरीजों को राहत दी गई।वही अब स्थानीय स्वास्थ केंद्र पर सीबीसी मशीन लग जाने से मरीजों को खून जांच कराने के लिए अब जिला अस्पताल या प्राइवेट पैथोलॉजी में नहीं जाना पड़ेगा।
इस सम्बन्ध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर वेंकटेश मौआर ने बताया कि यह मशीन न केवल रक्त समूह की जांच करेगी,बल्कि रक्त में विभिन्न कोशिकाओं की संख्या और उनके प्रकार को भी मापेगी,साथ ही रक्त कोशिकाओं द्वारा निर्मित प्रोटीन की भी जांच कर सकेगी।
वही लैब टेक्नीशियन अश्वनी कुमार वर्मा ने बताया कि सीबीसी टेस्ट में हीमोग्लोबिन, श्वेत रक्त कोशिकाएं, लाल रक्त कोशिकाएं,प्लेटलेट्स, न्यूट्रोफिल लिंफोसाइट्स, इसिनोफिल,बसोफिल जैसे महत्वपूर्ण जांच की जाएगी, इसके अलावा एचसीटी, एमसीवी, एमसीएच,एमसीएचसी, एमपीवी, आरडीडब्लू और पीडीडब्लू की जांच भी की जा सकती है।
डॉ वेंकटेश मौआर ने बताया की अस्पताल में सीबीसी से जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और स्थानीय लोगों को सेवाएं मिलने प्रारंभ हो गई है। सीबीसी मशीन लग जाने से क्षेत्रीय लोगों ने चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
