बलिया : घर से बस्ता लेकर पढ़ने गई तीन बच्चियां हुई थी गायब,पुलिस की मेहनत रंग लाई, बच्चियां हुई बरामद
बांसडीह (बलिया) । कोतवाली क्षेत्र के केवरा में बीते शनिवार को घर से स्कूल जाने के लिये निकली तीन छोटी लड़कियों को पुलिस ने दूसरे दिन रात में लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन से बरामद किया। मामले को लेकर हड़कंप की स्थिति बनी हुई थी। बीते शनिवार को केवरा गांव की तन्या, काजल व प्रियंका घर से झोला बस्ता लेकर स्कूल जाने के लिये निकली और दोपहर तीन बजे तक घर नहीं पहुचीं तो घरवाले उन्हें ढूंढने निकल पड़े। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नही चला और देर शाम हारकर स्वजनों ने कोतवाली पंहुचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। लगभग नौ दस साल की उम्र की तीन लड़कियों के एक साथ गायब होने की सूचना से हड़कंप की स्थिति बन गयी। मामले में कोतवाल संजय सिंह ने तत्काल उनकी गुमशुदगी को लेकर सोशल साइट्स व अन्य माध्यमों से उनकी खोजबीन शुरू की लेकिन कोई नतीजा निकलता दिखाई नही दे रहा था। इसी बीच अगले दिन रविवार को गणतंत्र दिवस के आयोजन के बीच व्यस्त रही पुलिस इस दौरान भी लड़कियों की खोजबीन में जुटी रही। देर शाम लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर एक एनजीओ द्वारा उन लड़कियों को पुलिस की सूचना के आधार ओर संदिग्ध मानकर रोका गया और बांसडीह कोतवाल को इसकी सूचना दी गयी। जिसके बाद पुलिस फोन पर लड़कियों के हुलिये व पहचान की तस्दीक कर तत्काल लखनऊ के लिये रवाना हो गयी। लड़कियों की बरामदगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस संबंध में कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि तीनों लड़कियों को थाने की टीम द्वारा बरामद कर अपनी संरक्षा में ले लिया गया है। सोमवार देर शाम तक पुलिस टीम उन्हें लेकर वापस बांसडीह आ जायेगी। लड़कियां वहां की परिस्थितियों में और कैसे पहुचीं इसकी जांच उनके आने के बाद कि जाएगी।
