बलिया :बांसडीह क्षेत्र के जितौरा में अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन, 388 परिवारों को मिलेगा सस्ते राशन का लाभ
बांसडीह,बलिया। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जितौरा में शुक्रवार को अन्नपूर्णा भवन का विधिवत उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर किया गया।
शासन द्वारा संचालित अन्नपूर्णा योजना के तहत अन्नपूर्णा भवन के शुरू होने से गांव के कुल 388 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें 82 अंत्योदय कार्डधारक तथा 306 पात्र गृहस्थी कार्डधारक परिवार शामिल हैं, जिन्हें अब नियमित रूप से उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश के तहत राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
गांव की ग्राम प्रधान श्रीमती भांगमनी देवी ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन के संचालन से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का पारदर्शी और व्यवस्थित लाभ मिलेगा। पहले राशन वितरण के दौरान लोगों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब एक ही स्थान पर सुव्यवस्थित तरीके से वितरण सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम के दौरान दिवाकर यादव, राजेन्द्र सिंह, देवदत्त यादव, कन्हैया वर्मा, अजय पांडेय, रणजीत यादव, रमेश कुमार, सुलेखा और रामचंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अन्नपूर्णा भवन के उद्घाटन को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
