बलिया : बांसडीह में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक घायल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक घायल

     


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह-बलिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ब्लॉक मुख्यालय से करीब 100 मीटर आगे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


    प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सूर्यपुरा (बड़गांव) निवासी पूरणमल चौहान और ग्राम छीत्तौनी (मनियर) निवासी उमेश राय एक ही बाइक से बलिया की ओर से बांसडीह आ रहे थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से ग्राम बड़सरी थाना बांसडीह निवासी बिपुल शंकर तिवारी पुत्र विनय शंकर तिवारी अपनी मोटरसाइकिल से बांसडीह की तरफ जा रहे थे। ब्लॉक मुख्यालय से थोड़ी दूरी पर दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।


    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। साथ ही निजी वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक ने बताया कि घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

    मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।