बलिया : बांसडीह में सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद, चालक पर मुकदमा दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद, चालक पर मुकदमा दर्ज

     


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह–बलिया मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय राजेश चौहान की मौके पर ही मौत हो गई थी। गुरुवार को मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

    जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बघौली, पिंडहरा निवासी राजेश चौहान मंगलवार की शाम करीब सात बजे सड़क मार्ग से शिवरामपुर की ओर जा रहे थे। वह शिवरामपुर स्थित महाविद्यालय से कुछ दूरी आगे ही पहुंचे थे कि बलिया की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक अत्यधिक गति से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके पर ही मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

    मृतक के पुत्र शम्भू चौहान ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक का नंबर UP60BC8023 है। वाहन की जानकारी करने पर पता चला कि बाइक बांसडीह कस्बा निवासी राजेश कुमार पटेल की है। परिजनों ने आरोपी पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।